भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चलते हुए राहुल गांधी से करीब आधे घंटे तक बातचीत की। इस मुलाकात की तस्वीर पटवारी ने खुद सोशल मीडिया पर साझा की है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में अटकलों का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि यहां चुनाव तक कोई बदलाव होने की संभावना नहीं है लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस की राजनीति में काफी परिवर्तन आने की संभावना बताई जा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव, भारत जोड़ो यात्रा औरराजस्थान के सियासी हलचल के बीच इन तस्वीरों से नई अटकलें शुरू हो गई हैं। जीतू पटवारी को राहुल गांधा का करीबी और विश्वसनीय माना जाता है। हाल में उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था।
चर्चा है कि संगठन में जीतू पटवारी का कद बढ़ सकता है। फिलहाल मध्य प्रदेश की कमान कमलनाथ के हाथ में है। कांग्रेस पहले ही यह स्पष्ट कर चुकी है कि वह 2023 का विधानसभा चुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। ऐसे में अगर कमलनाथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बनते हैं और गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष तो क्या एमपी कांग्रेस अध्यक्ष की कमान जीतू पटवारी के हाथ जा सकती है!
प्रदेश में जीतू पटवारी हमेशा एक्टिव नजर आते हैं। कांग्रेस की भी कोशिश रही है कि मध्य प्रदेश में दूसरी पंक्ति के युवा नेताओं को आगे बढ़ाया जाए। कमलनाथ की सरकार में पटवारी मंत्री भी बनाए गए थे। अब कयास है कि राज्य के विधानसभा चुनाव से पहले उन्हे संगठन के भीतर कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है।
Post a Comment