MP : पुलिस से बचकर भागी स्कॉर्पियो ने परिवार को कुचला;5 मौतें, ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद भाग रही थी

ग्वालियर. परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटोरिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों सहित चार लोग घायल हैं। वहीं गंभीर हेड इंजरी की वजह से ऑटो ड्राइवर की हालत भी नाजुक है।

हादसा शुक्रवार तड़के 3 बजे उस समय हुआ, जब ऑटो में सवार लोग शीतला माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो नीम के पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
चश्मदीद भूरा के मुताबिक, स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड पर एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। उसके पीछे पुलिस लगी थी। भागते समय स्कॉर्पियो ने रास्ते में ऑटो को भी टक्कर मार दी।

ऑटो ड्राइवर की भी हालत नाजुक

एसपी धर्मवीर यादव के मुताबिक, दो बच्चे, एक महिला और ऑटो ड्राइवर राजेश कुमार ट्रॉमा सेंटर में एडमिट हैं। स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा का मेडिकल टेस्ट करा रहे हैं। वहीं थाटीपुर थाने की पुलिस ने एमपी 21 जेड ई 5911 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर ली है। इसके आगे का कांच टूट चुका है। सभी एयरबैग भी खुले हुए हैं।

कल शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन था
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक एक ही शाक्य परिवार के हैं, जो मुरार के घास मंडी और थाटीपुर की सरकारी मल्टी में रहते हैं। कल शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन था। वे परिवार के साथ दोपहर 12 बजे करौली माता मंदिर, फिर स्थानीय वैष्णों देवी मंदिर गए। शाम को घर में बर्थडे मनाने के बाद रात 10 बजे शीतला माता के दर्शन करने चले गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles