MP : श्योपुर में किसान की हत्या पर भड़के लोग, हाईवे जाम,भीड़ का पुलिस पर हमला, थाने में तोड़फोड़,  पुलिस का लाठीचार्ज

श्योपुर। श्योपुर जिले के कराहल क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां अंधाधुंध फायरिंग में एक आदिवासी किसान गंगाराम आदिवासी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग द्वारा हाल ही में विवादित जमीन का सीमांकन किया गया था, लेकिन कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था। शनिवार शाम गंगाराम अपने खेत पर काम कर रहे थे, तभी स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे करीब 10 से 12 हमलावरों ने उन पर हमला कर फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंगाराम की मौके पर ही मौत हो गई।

हमलावरों ने खेत पर मौजूद अन्य ग्रामीणों को भी नहीं छोड़ा। पनवाड़ा गांव के सरपंच रामावतार आदिवासी और उनके भाई बाबूलाल आदिवासी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इस हिंसा में कई अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने कराहल थाना का घेराव कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की गई और श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया गया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को नियंत्रित किया।
स्थिति को देखते हुए जिले के कई थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। स्थानीय विधायक मुकेश मल्होत्रा, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

स्थिति को देखते हुए जिले के कई थानों का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। स्थानीय विधायक मुकेश मल्होत्रा, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।
पुलिस ने एक महिला समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश और भूमि विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

Exit mobile version