MP : साड़ी पहनकर कबड्डी खेलीं मंत्री संपतिया उइके , मंडला में रेड-डिफेंस में दिखाया दम…

मंडला। मंडला में गुरुवार को आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता में उस वक्त अलग ही माहौल बन गया, जब कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके खुद मैदान में उतर आईं। उद्घाटन के बाद जैसे ही मैच शुरू हुआ, मंत्री खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर सीधे खेल में शामिल हो गईं।

केसरिया साड़ी पहने मंत्री उइके “कबड्डी-कबड्डी” कहते हुए विरोधी पाले में रेड लेने गईं। हालांकि ज्यादा देर टिक नहीं सकीं और सुरक्षित अपने पाले में लौट आईं। इसके बाद विरोधी टीम की खिलाड़ी ने उनकी तरफ रेड की, जिस पर मंत्री ने घेरा बनाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी फुर्ती से बच निकलीं।

मंत्री ने दो बार रेड की, डिफेंस में हाथ आजमाया
विरोधी टीम में जिले की महिला अधिकारियों की टीम थी। मैच के दौरान मंत्री ने दो बार रेड की और डिफेंस में भी हाथ आजमाया। एक मौके पर वे आउट होते-होते बचीं, जिससे मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया।

मंत्री बोलीं- पारंपरिक खेल संस्कृति की पहचान
मंत्री संपतिया उइके ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है, इसलिए महिलाओं को भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

8 महिला टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया
इस प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग विकासखंडों से 8 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना और महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

Exit mobile version