MP : पूर्व सांसद नकुलनाथ के सामने ही भिड़े कांग्रेस नेता

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर में कांग्रेस के भीतर ‘दे दनादन’ हो गई। वो भी छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के सामने। नकुलनाथ अपना भाषण खत्म कर मंच से नीचे उतरे ही थे और मीडिया से बात कर रहे थे, तभी हंगामे की आवाज आई। पीछे मुड़कर देखा तो पार्टी नेता आपस में भिड़ गए थे।

अपनी ही पार्टी में मचे बवाल का नजारा देख नकुलनाथ वहां से निकल गए। दरअसल, जिला कांग्रेस कमेटी रानी अवंतीबाई लोधी का 168वां बलिदान दिवस मना रही थी, इस कार्यक्रम में नकुलनाथ मुख्य अतिथि थे।

हुआ यूं कि कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी लाखन सिंह पटेल का भाषण चल रहा था। समय की कमी के चलते आयोजकों ने भाषण खत्म करने का इशारा किया, जो उनके एक रिश्तेदार कपिल पटेल को नागवार गुजरा।
जब तक नकुलनाथ मंच पर थे, मामला शांत रहा, लेकिन उनके उतरते ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को अलग किया।
अब कांग्रेस भले ही एकजुटता के लाख दावे करे, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर गुटबाजी को उजागर कर दिया। वर्चस्व की लड़ाई सड़क पर आ गई और पार्टी की किरकिरी भी हो गई।

Exit mobile version