रीवा। भाजपा विधायक और खनिज कारोबारी संजय पाठक की एक खदान सेमरिया के उत्तरी क्षेत्र में भी संचालित है। ग्राम पंचायत देवगांव अंतर्गत ग्राम चित्ती, सलैया में सायना स्टील प्राइवेट लिमिटेड पता शांतिभवन पाठक वार्ड कटनी और एमपी मिनरल प्राइवेट लिमिटेड राकेश एजेंसी जैतवारा उत्खनन कर रही हैं । इस क्षेत्र में बड़ी मात्रा में लेटराइट मौजूद है। इसी लेटराइट का उत्खनन किया जा रहा है।
लीज क्षेत्र में तो उत्खनन किया जा रहा था लेकिन इन्होंने लीज क्षेत्र से हटकर भी उत्खनन शुरू कर दिया। खदान के पास ही बस्ती भी मौजूद हैं। बस्ती के समीप तक अवैध माइनिंग की जा रही हैं। जबकि नियमानुसार 200 मीटर दूर तक उत्खनन नहीं होना चाहिए। गांव प्रभावित किया जा रहा है।
इसी अवैध माइनिंग को लेकर रघुनंदन कोल पूर्व सरपंच दुवारी ने इसकी शिकायत एसडीएम सिरमौर से की। शिकायत को एसडीएम सिरमौर दृष्टि जायसवाल ने गंभीरता से लिया और मौके का निरीक्षण करने एक टीम भेजी। टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थल निरीक्षण किया है। मौके पर अवैध माइनिंग के भी साक्ष्य मिले हैं।
एसडीएम के निर्देश पर मौकेपर जांच करने सेमरिया तहसीलदार राजेश तिवारी और खनिज निरीक्षण वीर सिंह गुरुवार को उत्खनन स्थल पहुंचे। निरीक्षण में अवैध उत्खनन पाया गया। इस दौरान शिकायतकर्ता भी मौजूद रहा। अधिकारियों ने ग्राम सलैया, चित्ती, कुम्हरा, जुड़वानी और ग्राम डोंगरिहा का निरीक्षण किया। मौके पर पंचनामा भी तैयार किया गया। सभी लीज धारियों को नोटिस जारी कर प्रोजेक्ट रिपोर्ट मांगी जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई का प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए एसडीएम के माध्यम से कलेक्टर के पास भेजा जाएगा।
