MP:  उज्जैन में जमीन विवाद में विवाहिता से अमानवीय बर्ताव, 11 पर केस, 3 गिरफ्तार

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के ग्राम अरनिया वेणा में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने आरोप लगाया है कि घर में घुसकर उसके और उसके पति के साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बाल काट दिए, कपड़े फाड़कर उसे अर्धनग्न कर दिया और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने वर्ष 2023 में प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद से ससुराल पक्ष के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। महिला अपने पति के साथ इंदौर में रहती है और तीन दिन पहले संपत्ति के बंटवारे के सिलसिले में ग्राम अरनिया वेणा स्थित ससुराल आई थी।
घर में घुसकर हमला करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि महिला अपने कमरे में थी, तभी कुछ लोग कथित रूप से दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। आरोप है कि उसे बाल और हाथ पकड़कर बाहर घसीटा गया, जहां पहले से मौजूद अन्य लोगों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। महिला का आरोप है कि तीन महिलाओं ने उसके बाल काट दिए और उसके कपड़े फाड़ दिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया।
पति से भी मारपीट, वीडियो वायरल करने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पति के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी गई और दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मारपीट में महिला के सिर, आंख, गाल, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि उसके पति को भी चेहरे, सीने और पेट में चोट लगी। घटना के बाद डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
11 आरोपियों पर मामला, 3 जेल भेजे गए
पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 74, 76, 79, 115(2), 329(2), 351(3) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने बताया कि आरोपी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल, निवासी ग्राम अरनिया वेणा, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। महिला द्वारा लगाए गए आरोप शिकायत का हिस्सा हैं, जिनकी सत्यता की पुष्टि विवेचना के बाद ही होगी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles