MP : कटनी और सिवनी में सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत

कटनी/सिवनी। प्रदेश में गुरुवार रात दो बड़े हादसे हो गए। पहला हादसा कटनी के रीठी थाना इलाके का है। यहां पिकअप वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। दूसरा हादसा सिवनी के कुरई में हुआ। यहां तेज रफ्तार बाइक सडक़ पर खड़े ट्रक में जा घुसी। इसमें दंपती और उनके दोनों बच्चों की जान चली गई।
रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे हीरापुर और बडग़ांव के बीच हुआ। दमोह से आ रहे टमाटर से भरे पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मारी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों और ढाई साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे युवक ने रीठी अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अनु बसोर (32), उनकी ढाई वर्षीय बेटी भारती बसोर, विनोद बसोर (30) और प्रेमलाल बसोर (32) के रूप में हुई है। सभी मृतक पन्ना जिले के बगवार के थे और कटनी जिले के ग्राम बरजि से अपने घर लौट रहे थे। विनोद अनु का साला लगता था। प्रेमलाल विनोद का रिश्ते में जीजा लगता था।
सिवनी में नववर्ष मनाने ससुराल जा रहे थे
दूसरा हादसा सिवनी के कुरई में हुआ। शाम करीब 7.30 बजे जबलपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रिड्डी टेक के पास एक बाइक सडक़ पर खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में खवासा टोला गांव निवासी परमानंद बरकड़े (45), उनकी पत्नी गीता बरकड़े (38), आठ वर्षीय बेटी माही और चार वर्षीय बेटे दीपांशु की मौत हो गई। सभी बाइक (एमपी 22 जेडसी 2632) से दरगढ़ा गांव स्थित अपने ससुराल नववर्ष मनाने जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा है।

Exit mobile version