Bhopal : रिटायर्ड ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता सिंह के खिलाफ लोकायुक्त की जांच शुरू

भोपाल. टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी) विभाग की ज्वाइंट डायरेक्टर के पद से रिटायर हो चुकीं सुनीता सिंह के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि पद पर रहते हुए उन्होंने अपनी ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति बनाई है।
लोकायुक्त सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल यह जांच उन इनपुट्स के आधार पर की जा रही है, जो लोकायुक्त पुलिस को मिले हैं। इसी वजह से पुलिस अभी तथ्यों का वेरिफिकेशन कर रही है और इस स्तर पर कोई औपचारिक प्राथमिक जांच (पीई) दर्ज नहीं की गई है।
जांच एजेंसी पहले मिली जानकारी की पुष्टि कर रही है, ताकि आगे की कार्रवाई के लिए ठोस आधार तैयार किया जा सके। सुनीता सिंह लंबे समय तक भोपाल में टीएंडसीपी विभाग में पदस्थ रही हैं और विभाग के अहम पदों पर काम कर चुकी हैं।
विभागीय कार्यकाल के दौरान उनकी भूमिका कई अहम प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही है, जिससे अब उनकी संपत्ति के स्रोत और अनुपात को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुनीता सिंह करीब चार महीने पहले ही अपने पद से रिटायर हुई हैं। वर्तमान में वे इलाज के सिलसिले में मध्य प्रदेश से बाहर हैं।



