MI vs CSK: और चल गया रोहित का बल्ला..सूर्यकुमार ले साथ बड़ी साझेदारी, विकेट के लिहाज से मुंबई की दूसरी बड़ी जीत

सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा की शानदार साझेदारी की मदद से मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को नौ विकेट से हराया। यह आईपीएल में विकेट के लिहाज से मुंबई की दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2008 में वानखेड़े में ही सीएसके को नौ विकेट से हराया था और अब 17 साल बाद मुंबई ने यह कारनामा दोहराया है। मुंबई की आईपीएल में सबसे बड़ी जीत भी सीएसके के खिलाफ रही है। मुंबई ने 2020 में सीएसके को 10 विकेट से हराया था।
रोहित-सूर्यकुमार की दमदार साझेदारी
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 176 रन बनाए थे, लेकिन रोहित और सूर्यकुमार ने दूसरे विकेट लिए शतकीय साझेदारी की जिससे मुंबई ने 15.4 ओवर में एक विकेट पर 177 रन बनाकर मैच जीत लिया। मुंबई के लिए इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे रोहित 45 गेंदों पर चार चौकों और छह छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर छह चौके और पांच छक्के की मदद से नाबाद 68 रन बनाए।
अंक तालिका का हाल
मुंबई की यह आठ मैचों में चौथी जीत है और वह आठ अंकों के साथ तालिका में छठे स्थान पर आ गई है। मुंबई ने गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को पीछे छोड़ दिया है जो सातवें स्थान पर है। वहीं, सीएसके को आठ मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। गुजरात टाइटंस की टीम शीर्ष पर मौजूद है।
रोहित ने धवन को पीछे छोड़ा
रोहित ने अपनी शानदार बल्लेबाजी की मदद से शिखर धवन को पीछे छोड़ दिया और वह आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित के इस टूर्नामेंट में अब 6786 रन हो गए हैं। रोहित से आगे अब सिर्फ विराट कोहली हैं जिन्होंने आईपीएल में 8326 रन बनाए हैं। धवन के नाम आईपीएल में 6769 रन हैं और अब वह इस सूची में तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
मुंबई की अच्छी शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करते हुए रियान रिक्लेटन और रोहित ने मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलाई। इन दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़े। मुंबई को पहला झटका रिक्लेटन के रूप में लगा जो 19 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। पिछले कुछ बार की तरह इस मैच में भी मुंबई ने रोहित का इस्तेमाल इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर किया। रोहित पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे थे, लेकिन इस मैच में वह अलग ही लय में नजर आए।
रोहित ने इस सीजन का अपना पहला अर्धशतक 33 गेंदों पर जड़ा और फॉर्म में जबरदस्त तरीके से वापसी की। रोहित का साथ सूर्यकुमार ने बखूबी निभाया जो शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते दिखे। सूर्यकुमार ने महज 26 गेंदों पर पचासा पूरा किया। इसके बाद तो सूर्यकुमार अलग ही गियर में नजर आए। सूर्यकुमार और रोहित ने 16वां ओवर डालने आए मथीशा पथिराना को आड़े हाथों लिया और तीन छक्के लगाकर मैच अपने नाम कर लिया। सूर्यकुमार और रोहित के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की अविजित साझेदारी हुई। यह आईपीएल के इस सीजन में मुंबई के लिए हुई सबसे बड़ी साझेदारी है। सीएसके के लिए एकमात्र सफलता रवींद्र जडेजा को मिली।




